Behold

Friday, June 19, 2026

चरण धरुं किस ओर खरारि

चरण धरुं किस ओर खरारि।
भव वारिधि वर विचि जाल में विकल आस अब हारी।१।।

 योग याग परमार्थ बोध हित नहीं तन मन अधिकारी ।
कृपण विधाता स्वार्थ  दान में रहा था अपनी बारी।।२।।

तव जन जो कहलाते तव गुण नाम लिंग पट धारी।
सहित विविध साधन परगति के हुए मलिन व्यभिचारी।।३।।

कपट दंभ पाषंड मोह बस प्रजा सहे दुःख भारी।
विरत गृही निज काम काज से साधु बने संसारी।। ४।।

वित्त अकिंचन जन के निर्बल के बल विरुद तुम्हारी।
मुनि मन व्योम उडुप किस कारण करुणा अपनी बिसारी।।५।।

जो तारे गज व्याध अजामिल गणिका गौतम नारी।
तो संदिग्ध लगे क्यों राघव दीनता तुम्हें हमारी।।६।।

सुख संदोह राम सब के मन विद्यमान अविकारी।
कण्ठ पड़ा चामीकर भूला बन गया जीव भिखारी।।७।।

जो  यह  चाहे सुख अबाध जप राम नाम हितकारी।
रे जड़ आदि उठा भुज कहते त्रिभुवन गुरु त्रिपुरारि।।८।।



भावार्थ:

हे खर के शत्रु राम ! मैं किस ओर पांव बढ़ाऊं? संसार समुद्र के लहरों के बड़े जाल में विकल अब मैं‌ निराश हो चुका हूं।। १।।

योग और यज्ञ के लिए शरीर से और परमार्थ के ज्ञान में मन से अनधिकारी हुं। रही बात स्वार्थ की तो उसका दान करते समय विधाता मेरी बारी में कृपण हो गया था। अर्थात् स्वार्थ सुख भी मेरे भाग्य में नहीं।।२।।

जो तुम्हारे जन कहलाते हैं और तुम्हारे गुण नाम चिह्न और वस्त्र धारण करते हैं वे भी परम गति के विभिन्न साधनों सहित मलिन और व्यभिचारी हो गये हैं।।३।।

कपट दंभ पाषंड और मोह के वशीभूत हो सारी प्रजा भारी दुःख सह रही है। गृहस्थ लोग अपने काम काज से विरक्त हो रहे हैं और साधु संसार में आसक्त हो रहे हैं।।४।।

'अकिंचन जनों के धन' 'निर्बल के बल' यह सब तुम्हारे ही गुण हैं। हे मुनियों के मन रूपी आकाश के चंद्रमा! तुमने अपनी इस करुणा को क्यों भुला दिया।।५।।

जब तुमने गजेन्द्र, व्याध (वाल्मीकि) , अजामिल, वेश्या और अहल्या तक तो तार दिया तो हे राम कहो ! तुम्हें हमारी दीनता पर कैसा संदेह है? ।। ६।।

सुख राशि श्रीरामचन्द्र सबके मन में अविकारी (बिना किसी परिवर्तन के) रूप से विद्यमान हैं। गले में स्वर्ण पदक पड़ा हुआ उसे भूलकर जीव भीख मांगता फिर रहा है।।
रे जड़ आदि!  त्रिभुवन गुरु भगवान शिव भुजा उठाकर कहते हैं कि यदि तू यह अबाध सुख चखना  चाहता है तो हित करने वाला राम नाम जप।। ७-८।।




English meaning 

O Rāma, slayer of Khara! Where shall I place my feet?
Helpless amidst the vast network of waves in the ocean of worldly existence, I have become utterly distressed and have lost all hope. (1)


I am unfit in body for the disciplines of yoga and yagya, and unfit in mind for the knowledge of the Supreme Reality.
As for worldly prosperity, when the Creator distributed it, He was miserly in my case. Thus, even ordinary worldly happiness has not fallen to my lot. (2)


Even those who are called Your people, who bear Your virtues, Your Name, Your marks, and  attire, have ,alongwith various means said to lead to the highest state,
become impure and morally fallen. (3)


Overpowered by deceit, hypocrisy, false religiosity, and delusion, all people endure profound suffering.
Householders are becoming disenchanted with their rightful duties, while ascetics are becoming attached to worldly life. (4)


" Wealth of the destitute " Strength of the weak"- these are celebrated as Your qualities.
O Moon shining in the sky of the sages' hearts! Why have You forgotten this boundless compassion of Yours? (5)


When You delivered Gajendra, the hunter who became Vālmīki, Ajāmila, the courtesan, and even Ahalyā, then tell me, O Rāma, what doubt can You possibly have about my own wretchedness? (6)


Śrī Rāmacandra, the very embodiment of bliss, abides changelessly in the hearts of all. Yet the individual soul, forgetting the golden ornament already hanging around its own neck, wanders about begging from door to door.

O foolish Aadi ! Lord Śiva, the preceptor of the three worlds, raises His arms and proclaims:

"If you wish to taste that uninterrupted, eternal bliss, then chant the Name of Rāma-the Name that alone brings your highest good." (7-8)







No comments:

Post a Comment

Do Read

Mysterious Manglacharan